दिल्ली, 30 जनवरी (बु.)। शुक्रवार को सिंघु बॉर्डर पर किसानों और स्थानीय लोगों के बीच हुई झड़प को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है की हित की बात करने वाले प्रदर्शनकारियों के बीच उपद्रवियों ने उत्पात मचाया था। उन्होंने न केवल स्थानीय लोगों पर हमला किया, बल्कि कई पुलिसकर्मियों को भी घायल कर दिया। इस बवाल के बाद स्थानीय लोगों में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भारी रोष है। बॉर्डर के आसपास के गांवों में रहने वालों का कहना है कि वे रास्ता खोलने के लिए प्रदर्शनकारियों के साथ शांति से वार्ता करने गए थे, लेकिन उन पर तलवारों से हमला किया गया। ऐसी हिंसा करने वालों को किसान तो कतई नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद अब पंजाब नंबर के वाहनों को गांवों के रास्ते से आने-जाने नहीं दिया जाएगा। हम प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक बात करने गए थे कि लोगों के लिए रास्ता खोला जाए। लेकिन उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों व हम लोगों पर हमला कर दिया। रास्ता बंद होने से आसपास के लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं। अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा



