नयी दिल्ली 07 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया है कि वह दिल्ली की सीमा पर आंदोलन कर रहे किसानों की परेशानी को नहीं समझते हैं और उनकी पीड़ा पर मौन साधे हुए हैं इसलिए निराश होकर आंदोलनकारी किसान ट्रैक्टर रैली निकालने को मजबूर हो रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुरुवार को यहां पत्रकारों के सवालों पर कहा कि श्री मोदी किसानों के साथ निर्मम और निर्दयी व्यवहार कर रहे हैं। वह उनकी पीड़ा को नहीं समझ पा रहे हैं, इसीलिए उनके बारे में कुछ भी विचार करने और बोलने को तैयार नहीं है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीमा पर कड़कड़ाती ठंड में आंदोलन कर रहे किसान बहुत परेशान हैं। वे कड़ी ठंड में खुले में बैठे है।अब तक 60 आंदोलनकारी किसान दम तोड़ चुके हैं लेकिन सरकार उनके बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। प्रवक्ता ने कहा कि श्री मोदी को किसानों ही नहीं ,आम लोगों के साथ हो रहे अत्याचार की भी फिक्र नहीं है। उत्तर प्रदेश में हाथरस की घटना हुई और अब उसी तरह की दर्दनाक घटना बदायूं में हुई है लेकिन प्रधानमंत्री इन सभी प्रकरणों पर मौन साधे हुए हैं। यह सब के लिए चिंता की बात है।



