नयी दिल्ली 01 जनवरी (वार्ता) देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के कारण 256 मरीजों की मौत हुई है, जिनमें सबसे ज्यादा लोगों की जान महाराष्ट्र तथा केरल में गयी है। इस दौरान महाराष्ट्र में जहां कोविड-19 से 58 मरीजों की मौत हुई है, वहीं केरल में 30 लोगों ने दम तोड़ा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 20,036 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों की कुल संख्या एक करोड़ दो लाख 86 हजार से अधिक हो गयी है। इसी दौरान 23,181 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या 98.83 लाख तथा रिकवरी दर बढ़कर 96.08 प्रतिशत हो गयी। सक्रिय मामले 3,402 घटकर 2.54 लाख रह गये और इनकी दर 2.47 प्रतिशत रह गयी। इसी अवधि में 256 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,48,994 हो गया है और मृत्यु दर अभी 1.45 फीसदी है।



