कानपुर, 4 जनवरी (बु.)। यूपी के जनपद कानपुर के बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के अलौलापुर गांव में साेमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब प्रेमी-प्रेमिका के शव एक रस्सी से फांसी के फंदे पर लटके मिले। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नही चल पाया है। जानकारी के अनुसार मृतक युवक का दो वर्ष से 20 वर्षीय युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सोमवार सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने एक बाग में आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर प्रेमी-प्रेमिका के शव लटके देखा तो पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं घटना की जानकारी निलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर मौके पर पहुंच गई। बिल्हौर इंस्पेक्टर ने मृतकों के परिजनों से पूछताछ की लेकिन सभी चुप्पी साधे रहे। वहीं पुलिस पूछताछ में परिजनों ने परिवार में किसी भी तरह का विवाद ना होने की बात कही और खुदकुशी की वजह की जानकारी होने से इन्कार कर दिया। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। उनके परिवार को इसकी जानकारी थी और स्वजन युवती की शादी के लिए लड़के की तलाश भी कर रहे थे। इंस्पेक्टर प्रयाग नारायण बाजपेई ने बताया कि युवक व युवती के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



