शिमला, 28 दिसंबर (वार्ता)हिमाचल प्रदेश में नववर्ष मनाने पहुंच रहे पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं क्योंकि शिमला तथा सोलन में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई और अगले चौबीस घंटों में हिमपात की संभावना है हालांकि व्हाइट क्रिसमस मनाने आये पर्यटकों को हिमपात न होने से निराशा महसूस हुई लेकिन बड़ी संख्या में नववर्ष मनाने पहुंच रहे पर्यटकों ने दो दिन से हो रहे हिमपात में जमकर लुत्फ उठाया । मौसम केन्द्र के अनुसार अगले चौबीस घंटों में चार जिलों में हिमपात का अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ बर्फबारी से स्थानीय लोगों की दिक्कतें बढ़ गई है जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कई संपर्क मार्ग अवरूद्ध हो गए हैं। शिमला में कल देर शाम मॉल रोड, जाखू, छोटा शिमला और शहर के अन्य हिस्सों में हिमपात हुआ । मौसम विभाग ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। बर्फबारी के कारण ढली से उपरी इलाके का सड़क संपर्क टूट गया है। हिन्दुस्तान-तिब्बत रोड़ सहित अनेक मार्ग बंद हो गए है। इसकी पुष्टि पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने आज यहां की। उन्होंने बताया कि शिमला से खड़ापत्थर, खदराला, नारकंडा, कुफरी, चौपाल के लिए खिड़की सहित अनेक संपर्क मार्ग बंद हो गए है। शिमला में सभी सड़क फिलहाल खोल दी गई है। रामपुर के लिए वाया मशोबरा-बसंतपुर-किग्गंल होतेे हुए वाहन भेजे जा रहे हैं। रामपुर सब डिबिजन में भी बर्फबारी हुई है। जिससे 12 रोड़ बंद हो गए है। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें बर्फबारी से सड़कें अवरूद्ध होने के कारण कई स्थानों पर फंस गई है। राज्य प्रशासन ने सड़कें खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। शाम तक अनेक सड़कें खोले जाने की संभावना जताई है। जिला प्रशासन ने एडवाजरी जारी की है कि सोच समझ कर ही यात्रा करने की योजना बनाएं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डाॅ मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश में अगले 24 घंटों में शिमला, किन्नौर, लाहुल स्पीति और चंबा जिले के उंचे स्थानों पांगी, भरमौर, कांगडा और मण्डी जिलों के उंचे स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है।



