हरियाणा, 16 दिसंबर (बु.)। पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी गाड़ी का शीशा तोड़ने के आरोप में कलायत थाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले की शिकायत हेड कांस्टेबल सूरजमल ने कलायत थाने में दी है। शिकायत में बताया कि 14 दिसंबर को रात के समय वह टीम के साथ गश्त पर था। तभी उनके पास एक गुप्त सूचना आई कि गांव कैलरम में अवैध शराब की भट्टी चलाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव के वाल्मिकी चौपाल के पास पहुंची। तभी चौपाल से एक ईंट आई जो गाड़ी के शीशे पर लगी। पुलिस ने जब आवाज लगाई तो वहां दो युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।वहीं पुलिस टीम ने गाड़ी के पीछे छीपकर अपनी जान बचाई। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौकेे से फरार हो गए। उसके बाद टीम ने वहां देखा तो कोई शराब की भट्ठी नहीं चल रही थी। जिसने पुलिस को सूचना दी थी उसे फोन किया गया तो उसका नंबर भी बंद पाया गया। वहीं पूरी शिकायत थाने में दर्ज करवाई गई।



