चंडीगढ़, 31 दिसंबर (वार्ता) हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को पत्र लिखकर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाये जाने की मांग दोहराई ताकि कांग्रेस प्रदेेश की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सके। श्री हुड्डा ने यहां प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों के समर्थन में एक प्रस्ताव पारित किया गया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सीमाओं पर किसानों के 36 दिनों से चल रहे धरने में 42 किसानों की जान जा चुकी है और इस मुद्दे पर चर्चा ज़रूरी है। श्री हुड्डा ने कहा कि 7 दिसंबर को भी राज्यपाल को पत्र लिखकर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग की गई थी लेकिन राज्यपाल ने आज तक उस मांग को नहीं माना। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने कांग्रेस विधायकों को मिलने से भी इंकार कर दिया, वह भी बिना कारण बताए। श्री हुड्डा ने आरोप लगाया कि कि हालात ऐसे हो चले हैं कि राज्यपाल अपनी संवैधानिक शक्तियों का इस्तेमाल करके सत्र नहीं बुला रहे हैं और गठबंधन सरकार अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने से भाग रही है क्योंकि यह सरकार जनता और विधायकों का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि दो महीने में सरकार को दो बड़े झटके लग चुके हैं। बरोदा उपचुनाव के बाद गठबंधन को स्थानीय निकाय चुनावों में भी करारी हार का सामना करना पड़ा है। निकाय चुनावों में सात में से भाजपा को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली है और उसकी सहयोगी जजपा पूरी तरह साफ हो गई है। श्री हुड्डा ने कहा कि इन नतीजों से स्पष्ट है कि ग्रामीण मतदाताओं के बाद अब शहरी मतदाताओं ने भी भाजपा-जजपा को नकार दिया है।



