लखनऊ, 14 दिसंबर(बु.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बड़े जतन के कारण उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण का व्यापक विस्तार नहीं हो सका। 75 जिलों वाले इस राज्य में अब सिर्फ आठ ही शहरों में इसका सर्वाधिक असर है। यानी पचास प्रतिशत से अधिक प्रभावित सिर्फ आठ शहरों में हैं, बाकी 67 शहरों में हैं। उत्तर प्रदेश में अब कोरोना से संक्रमित कुल 19,729 में से 50.70 फीसद सिर्फ आठ जिलों में ही हैं। इसमें लखनऊ में सर्वाधिक 3,043, मेरठ में 2,001, कानपुर में 689, वाराणसी में 1,072, नोएडा में 850, गाजियाबाद में 1,420 ,बरेली में 468 और प्रयागराज में 464 संक्रमित हैं। इन आठ जिलों में 10,007 संक्रमित हैं। सबसे कम 17 संक्रमित हाथरस में है। प्रदेश में अब तक 5.65 लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और इसमें से 5.37 लाख स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण से प्रदेश में अभी तक 8,072 लोगों की मौत हुई है और अब रिकवरी रेट 95.08 फीसद है।इसी बीच प्रदेश में कोविड अनलॉक के इस दौर में अब जनजीवन तेजी से सामान्य हो रहा है। इसी कारण स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील कर रहा है। विभाग का मानना है कि अब तो छोटी सी भी लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कोरोना वैक्सीन के लिए सुरक्षित कोल्ड चेन की स्थापना के निर्देश दिए।




