मुजफ्फरनगर,19 दिसंबर(बु.)। बीते कई दिनों से मिल रही शिकायत के बीच में बड़ी कार्यवाही में एआरटीओ विभाग में प्राइवेट लोगों की दखल का खुलासा हुआ है। उस मामले में डीएम के निर्देश पर पूर्व में नगर मजिस्ट्रेट की वीडियोग्राफी और सीओ नई मंडी की जांच के बाद शुक्रवार को मुरादाबाद आरटीओ की छापेमारी से विभाग में चल रही धांधली और प्राइवेट लोगों के दखल की परत का पर्दाफाश हुआ। एआरटीओ कार्यालय पहुंचे मुरादाबाद आरटीओ ने कई घंटों तक एआरटीओ कार्यालय में हर सीट पर स्वयं जांच पड़ताल की। इस दौरान कार्यालय में दो बाहरी लोगों को उन्होंने काम करते हुए पकड़ लिया हालांकि मामले को दबाने का विभाग में घंटों तक प्रयास किया गया। इस बीच पुरानी फाइलों को तलब करने के साथ उनकी गंभीरता से जांच पड़ताल की गई। डीएम सेल्वा कुमारी जे के निर्देश पर एआरटीओ कार्यालय में लगातार मिल रही शिकायतों के बीच 2 दिन पहले नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह ने टीम के साथ एआरटीओ कार्यालय की वीडियोग्राफी कराई थी। उक्त मामले में बाद में भी आरटीओ कार्यालय और उनके आसपास स्थित मार्केट की दुकानों पर चैकिंग की थी लेकिन इस बीच कोई भी दलाल या अन्य कोई संदिग्ध दस्तावेज अधिकारियों की पकड़ में नहीं आया था। इसी कड़ी में सुबह करीब 10:00 बजे मुरादाबाद आरटीओ कमल प्रसाद गुप्ता ने दफ्तर पर छापा मारा वहां पर हड़कंप मच गया प्रसाद गुप्ता ने इस बीच में विभाग के अधिकांश पर गंभीरता से जांच की।



