17.5 C
Muzaffarnagar
Sunday, November 8, 2026

मध्यप्रदेश में नहीं पनपने देंगे नक्सली गतिविधियांः मिश्रा

भोपाल, 17 दिसंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि राज्य में नक्सली और इस तरह की किसी भी प्रकार की गतिविधियां पनपने नहीं दी जाएंगी। श्री मिश्रा ने राज्य के नक्सली प्रभावित बालाघाट जिले के दौरे पर रवाना होने से पहले यहां मीडिया से चर्चा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का राज है। नक्सलियों की गतिविधियां हों, सिमी का नेटवर्क हो या असामाजिक तत्वों की सक्रियता हो। मध्यप्रदेश में यह सब नहीं चलने दिया जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि वे नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में पुलिस जवानों का हौंसला बढ़ाने जा रहे हैं। वे वहां पर कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा भी करेंगे। बालाघाट जिले में हाल ही में पुलिस जवानों के संयुक्त दल ने दो महिला नक्सलियों को ढेर किया है। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे बालाघाट जिले में नक्सलियों की मौजूदगी पिछले दो दशकों से समय समय पर सामने आती रहती हैं। वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता कैलाश विजयवर्गीय के कल इंदौर में जनसभा के दौरान दिए गए बयान के संबंध में पूछे जाने पर श्री मिश्रा ने कहा कि श्री विजयवर्गीय ने स्वयं वह बयान हास्यविनोद में देने की बात कही है और उसे इसी रूप में लेना चाहिए। श्री विजयवर्गीय ने कल इंदौर में किसान सम्मेलन के दौरान मंच से हास परिहास के वातावरण में कहा था कि राज्य की तत्कालीन कमलनाथ सरकार गिराने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ था।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles