बागपत, 04 दिसंबर (बु.)। खबर यूपी की जनपद बागपत से है जहां सिनौली गांव ने 4000 साल पुरानी इतिहास को सामने लाकर खड़ा कर दिया है।इस इतिहास को महाभारत कालीन के आसपास का माना जा रहा है। खोदाई में सिनौली में मिली कब्र, तीन रथ, तलवार व मशाल आदि प्राचीन वस्तुओं ने दुनिया के सामने एक नये इतिहास के प्रमाण रखे हैं। गांव में 15 साल पहले एक किसान के खेत से शुरू हुई प्राचीन धरोहरों की खोज का सफर तो जारी है, लेकिन अभी तक उत्खनन के दौरान मिली वस्तुओं को देखते हुए एएसआइ ने गांव की 28 हेक्टेयर भूमि को राष्ट्रीय महत्व का क्षेत्र घोषित किया है। इससे गांव में खुशी का माहौल नजर आ रहा है। अभी भी भूमि के नीचे वे तमाम प्राचीन वस्तुएं दफन है जो आने वाले समय में भारतीय पुरातत्व के इतिहास में नया मोड़ लाने का दावा रखती है। गांव के लोग चाहते हैं कि सरकार उनके गांव में कुछ ऐसा करे, जिससे दुनियाभर के लोग प्राचीन धरोहरों को देखने यहां आए। एक तरह से यहां ऐतिहासिक महत्व को बताने वाली पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो जाए। इससे न सिर्फ उनके गांव को पहचान मिलेगी बल्कि आमदनी भी होगी।




