हरियाणा, 13 दिसंबर(बु.)।अब धुंध पड़नी शुरू हो गई है और ये सिलसिला अब कई दिन तक जारी रहने की उम्मीद है। प्रदेश में कई जगह बरसात के बाद भिवानी क्षेत्र में ठंड के तेवर तेज हो गए हैं। साथ ही धुंध ने भी ठंड बढ़ा दी है। रविवार को रात से ही भिवानी क्षेत्र में धुंध छाई रही। यह धुंध फसलों के लिए वरदान मानी जा रही है। गेहूं, सरसों, जौ, चना आदि फसलों में इसका लाभ होगा। पानी से सिंचाई नहीं होने की सूरत में भी धुंध से इसकी पूर्ति होती रहेगी। इससे फसल को बढ़ने में मदद मिलेगी।क्षेत्र में कोहरे व धुंध के प्रकोप के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहनों की गति पर कोहरे व धुंध के कारण ब्रेक लग गया। जिस कारण वाहन चालकों को बहुत सावधानी से अपने वाहनों को चलाना पड़ा। रविवार को धुंध व कोहरे के साथ शीत लहरों का भी प्रकोप बना रहा जिस कारण लोगों को अलाव का सहारा लेते देखा गया। धुंध से जहां आमजन के लिए परेशानियां बढ़ी हैं, वहीं यह गेहूं सरसों के लिए एक रामबाण साबित हो रही हैं। मौसम में बदलाव होने से रबी सीजन की फसलों में लाभ होने से किसानों ने राहत की सांस ली हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि धुंध से गेहूं के पौधों में फुटाव ज्यादा होगा और पैदावार बढ़ेगी। फसलों पर ओस की बूंदें जमने लगी है। अब फसलों की स्थिति सुधर जाएगी। मौसम अनुकूल रहने पर अच्छा उत्पादन मिलने की उम्मीद है ।



