नयी दिल्ली 30 दिसंबर (वार्ता) देश में पिछले 24 घंटों के दौरान केरल, झारखंड, बिहार, लद्दाख, पुड्डुचेरी और सिक्किम में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस सक्रिय मामले बढ़े है। केरल में सबसे अधिक 834 सक्रिय मामले, उसके बाद झारखंड में 22, बिहार और लद्दाख में 12-12 तथा पुड्डेचेरी और सिक्किम में छह-छह सक्रिय मामले बढ़े है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 20,548 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों की संख्या एक करोड़ दो लाख 44 हजार से अधिक हो गयी है। इस दौरान 26,572 मरीज स्वस्थ हुए और इसी के साथ रिकवरी दर बढ़कर 95.99 प्रतिशत हो गयी। नये मामलों की तुलना में कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या अधिक रहने से सक्रिय मामले 6,309 कम हुए हैं और इनकी संख्या घटकर 2.62 लाख रह गयी है। इसी अवधि में 286 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,48,439 हो गया है और मृत्यु दर अभी 1.45 फीसदी बनी हुई है।



