दिल्ली, 18 दिसंबर (बु.)। दिल्ली में वर्षा जल संचयन की मुहिम सिर्फ कागजों में सिमटकर नहीं रहनी चाहिए। इस मुहिम को जमीन पर उतारकर सही तरह लागू कराना ही एक मात्र रास्ता है। यह कहना है दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा का, वह बुधवार को जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ एक बैठक कर 30 दिन, 200 स्ट्रक्चर के लक्ष्य के साथ डीजेबी की महत्वाकांक्षी वर्षा जल संचयन योजना की शुरुआत कर रहे थे। बैठक में अतिरिक्त सीईओ समेत सभी 42 क्षेत्रीय राजस्व अधिकारी (जेडआरओ) को मुहिम की समय सीमा का सख्ती से पालन करने का निर्देश भी दिया गया।चड्ढा कहा कि वह दिल्ली को उस स्तर पर पहुंचाना चाहते हैं, जहां राजधानी के लोग अपने वर्षा जल संचयन का स्ट्रक्चर दिखा कर गर्व महसूस कर सकें। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली के हर नागरिक को 24 घंटे पानी मिलना चाहिए। इसलिए उनका लोगों को वर्षा जल संचयन का स्ट्रक्चर लगाने के लिए समझाना काफी अहम है।



