19.7 C
Muzaffarnagar
Sunday, November 8, 2026

गैंगस्टर भूपेन्द्र बाफर की ढाई करोड़ की कोठी जब्त

  • मुज़फ्फरनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मेरठ के डिफेंस कालोनी पहुंचकर कार्रवाई को दिया अंजाम

  • शातिर अपराधी रोहित सांडू को अभिरक्षा से छुड़ाने और दरोगा की हत्या में शामिल रहा था भूपेन्द्र बाफर

मुज़फ्फरनगर, 23 दिसंबर (बु.)। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बुधवार को शातिर अपराधी भूपेन्द्र बाफर की ढाई करोड़ रुपये कीमत की कोठी को जब्त कर लिया। बाफर की यह कोठी मेरठ के डिफेंस कालोनी में बताई गई है। बाफर पर पुलिस अभिरक्षा में दरोगा दुर्ग विजय सिंह की हत्या कर रोहित उर्फ सांडू को छुड़ाने का आरोप था। जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे का आदेश लेकर मेरठ पहुंची पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
प्रदेश में अपराध के जरिए गैर कानूनी तरीके से अर्जित की गई संपत्ति को जब्त करने के चल रहे अभियान के तहत बुधवार को मुज़फ्फरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल पिछले साल दो जुलाई को मिर्जापुर पुलिस पर फायरिंग कर रोहित उर्फ सांडू को जानसठ क्षेत्र में अभिरक्षा से छुड़ा लिया गया था। इस फायरिंग में जिले में तैनात दरोगा दुर्ग विजय सिंह की मौत हो गई थी। उस समय पुलिस ने दावा किया था कि रोहित की फरारी में शातिर अपराधी भूपेन्द्र बाफर का हाथ रहा है। पुलिस ने फरारी के 14 दिन बाद 16 जुलाई को एक लाख के इनामी रोहित को साथी राकेश यादव के साथ नई मंडी क्षेत्र में मुठभेड़ में मार गिराया था। इसी बीच बाफर जेल चला गया था। जनपद पुलिस ने बाफर को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। रामराज पुलिस ने बाफर के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा भी दर्ज किया था।

176 वर्ग मीटर में बनी है बाफर की कोठी

मुज़फ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे के आदेश को लेकर पुलिस बुधवार सुबह मेरठ के डिफेंस कालोनी पहुंची, जहां पर बाफर की कोठी को जब्त करने की कार्रवाई की गई। फिलहाल कोठी को सीज कर दिया गया है। करीब 176 वर्ग मीटर में बनी डबल स्टोरी की कोठी की कीमत दो करोड़ 50 लाख रुपये के करीब बताई गई है। दावा किया कि बाफर ने यह अचल संपत्ति अपराध के जरिए अर्जित की थी। यह संपत्ति उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 14 /1 के तहत जब्त की गई है।

कई अन्य बदमाशों की जल्द जब्त होगी संपत्ति
मुज़फ्फरनगर। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि जिले में सक्रिय अन्य अपराधियों की संपत्तियों का आंकलन किया जा रहा है। इन बदमाशों ने गैर कानूनी तरीके से कई करोड़ की संपत्ति को जब्त किया है। गैंगस्टर एक्ट के तहत ऐसे बदमाशों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

35 साल से कानून के लिए चुनौती बना है बाफर
मुज़फ्फरनगर। हिस्ट्रीशीटर भूपेन्द्र बाफर करीब 35 साल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पुलिस के लिए चुनौती बना है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि मूल रुप से जानी थाना क्षेत्र के बाफर गांव का रहने वाला भूपेन्द्र 1985 से हत्या, लूट, अपहरण, धोखाधड़ी जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त रहा। उसके खिलाफ मुज फरनगर के सिविल लाइन, नई मंडी, जानसठ कोतवाली में मुकदमे दर्ज है। इसके अलावा गाजियाबाद, मेरठ, बिजनौर, देहरादून और आंध्र प्रदेश में मुकदमे दर्ज है। पुलिस के मुताबिक भूपेन्द्र बाफर फिलहाल जमानत पर बताया गया है।

पहली बार दूसरे जिले में जाकर जब्त की संपत्ति
मुज़फ्फरनगर। अपराध के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले मुज़फ्फरनगर की पुलिस ने पहली बार बाहरी जिले में जाकर किसी बदमाश की संपत्ति जब्त की है। जिले स्तर पर तो ऐसी कार्रवाई पूर्व में होती रही है।

 

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles