हरिद्वार, 27 फरवरी (बु.)। माघी पूर्णिमा स्नान पर हरकी पैड़ी सहित सभी गंगा घाटों पर श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगा रहे हैं। यह कुंभ वर्ष का चौथा स्थान है। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हुए हैं। राज्य सरकार और जिला प्रशासन की एसओपी के अनुरूप श्रद्धालुओं की कोरोना जांच की जा रही है। इसके लिए जगह-जगह पर एंटीजन जांच केंद्र भी बनाए गए हैं। साथ ही आने वाले श्रद्धालुओं की रैंडम जांच भी की जा रही है। इससे पहले मेला प्रशासन ने स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से कोविड रिपोर्ट साथ लेकर आने की अपील की थी। माघी पूर्णिमा स्नान को लेकर मान्यता है कि पौष पूर्णिमा की तरह ही माघी पूर्णिमा पर गंगा में स्नान करने से सारे पाप धुल जाते हैं। इस दिन पवित्र गंगा में स्नान करने से काया हमेशा निरोगी रहती है। यह भी मान्यता है कि माघी पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु स्वयं गंगाजल में निवास करते हैं। इस दिन पवित्र नदी में स्नान और उसके बाद दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है। इसके निमित्त श्रद्धालु गंगा पूजन के बाद गंगा स्नान कर दान पुण्य भी कर रहे हैं।


