नयी दिल्ली 24 फरवरी (वार्ता) देश में कोरोना महामारी के घटते-बढ़ते प्रकोप के बीच पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 16 हजार से अधिक नये मामले सामने आये और 138 लोगों की मौत हाे गयी। इस बीच देश में अब तक एक करोड़ 26 लाख 71 हजार 163 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में गत 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 13,742 नये मामले सामने आये और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ 10 लाख 46 हजार से अधिक हो गया है। इस दौरान 11,799 मरीज स्वस्थ हुए जिसे मिलाकर कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ सात लाख 38 हजार 705 हो गयी है। सक्रिय मामले 4801 बढ़ गये जिससे इनकी संख्या अब एक लाख 51 हजार 708 रह गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान 138 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर एक लाख 56 हजार 705 हो गया है।
देश में रिकवरी दर घटकर 97.21 और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 1.37 प्रतिशत हो गयी है जबकि मृत्युदर अभी 1.42 फीसदी है। महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर पहुंच गया है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 5955 सक्रिय मामले बढ़ने से इनकी संख्या 60,559 हो गयी है। राज्य में 2772 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 20.08 लाख हो गयी है जबकि 80 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 51,937 हो गया है।


