गोरखपुर, 23 फरवरी (बु.)। अनधिकृत रेल टिकट सॉफ्टवेयर से रेल टिकट का अवैध कारोबार करने के मुख्य सरगना हामिद अशरफ बस्ती पुलिस और आरपीएफ के संयुक्त ऑपरेशन में बेंगलुरु में गिरफ्तार किया गया। मंगलवार की सुबह वहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर बस्ती लाया गया। वह बस्ती और गोंडा में कई मामलों में वांछित है। पुलिस और आरपीएफ दोनों को इसकी लंबे समय से तलाश थी। पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने इसकी पुष्टि की।पुलिस अधीक्षक ने बताया पिता जमीरूल हसन उर्फ लल्ला की गिरफ्तारी और कप्तानगंज के आवास एवं काम्प्लेक्स की कुर्की प्रक्रिया शुरू होने के बाद वह दबाव में आ गया था। बीते 17 फरवरी को बेंगलूरु में सीबीआइ के पास सरेंडर करने के लिए दुबई से आया था। पुलिस से बचने के लिए वह पिछले डेढ़ साल से दुबई में ही रह रहा था। सूचना पर पहले से पहुंची पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे बेंगलुरु में ही रेलवे कोर्ट में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर आज सुबह लाया गया है।


