कानपुर, 22 फरवरी (बु.)। जिले के असोहा थाना क्षेत्र में तीन किशोरियों के मिलने की खबर प्रदेश हीं नहीं बल्कि देश भर को झकझोर कर रख दिया था। इस मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अलग ही उबाल देखने को मिला। बुधवार रात को दो किशोरियों की मौत की पुष्टि के बाद इंटरनेट मीडिया पर तो जैसे ही बाढ़ ही आ गई थी। एक के बाद एक हो रहे ट्वीट और रीट्वीट प्रशासन की माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ाते जा रहे थे। ऐसे में कई पुलिस ने उन लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई करना शुरू किया है जो घटना को लेकर भ्रामक जानकारी फैला रहे थे। शनिवार को सदर कोतवाली में डॉ. उदित राज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी, वहीं रविवार को आठ और के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एएसपी विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि इनमें कुछ लोग भीम सेना के सदस्य भी हैं। घटना का राजफाश होने के बाद धीरे-धीरे गांव की स्थिति भी सामान्य होने लगी है। हालांकि स्वजन को ढांढ़स बंधाने के लिए राजनीतिक दलों व अन्य संगठनों के लोगों का पहुंचना जारी है। एहतियातन गांव में एसडीएम पुरवा राजेश चौरसिया, एएसपी विनोद कुमार पांडेय, सीओ पुरवा रमेशचंद्र प्रलयंकर के नेतृत्व में कई थानों का पुलिस फोर्स व पीएसी तैनात है। ग्रामीण अपने कार्यों में व्यस्त दिखे। पुलिस गांव की हर गतिविधि पर पर नजर रख रही है।


