बहराइच, 21 फरवरी (बु.)। भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान में एक के बाद एक कड़ी जुड़ती जा रही है। ऐसे में हमारे देश के नन्हें-मुन्हें कैसे पीछे रह सकते हैं। उत्तर प्रदेश के बहराइच में 400 छात्रों के अपनी गुल्लक दान देकर आस्था की सच्ची मिसाल दी है। हर तरफ स्कूली पोशाक में बच्चों का कौतुहल। मंच पर भगवाधारियों का जमावड़ा लगा रहा। गुनगुनी धूप के साथ बह रही मंद-मंद हवा के बीच बच्चा-बच्चा राम का, श्रीराम के काम का नारा लगाया। रविवार को कुछ इसी तरह के दृश्य के साथ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का परिसर गगनभेदी नारों से गूंज उठा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक मनोज कुमार ने भगवान राम के चित्र पर माल्यार्पण कर गुल्लक दान अभियान का उद्धाटन किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के लिए लंबे समय तक चले आंदोलन हर जुबान पर रटा रहने वाला यह नारा फैसले के बाद से ही चरितार्थ हो रहा है। भव्य व दिव्य मंदिर ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व के लिए प्रतिमान स्वरूप मंदिर बनाने के संकल्प को पूरा करने में छात्रों का योगदान भी सराहनीय है। कहा कि जिस पर भगवान राम के कार्य के लिए हनुमान जिन बिना विश्राम लगे रहे, उनके मंदिर के लिए छात्रों को भी अपने लक्ष्य के लिए लगना होगा। जेब खर्च व खिलौनों के लिए जुटाए धन से भरे गुल्लक को 400 छात्रों ने सह प्रांत प्रचार को सौंपा।



