लखनऊ, 21 फरवरी (बु.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेश में कहर बन चुकी जापानी इंसेफेलाइटिस व एक्यूट इंसेफेलाइटिस को जड़ से समाप्त करने की बड़ी मुहिम छेड़ दी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने आज अपने सरकारी आवास पर जेई टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज ही खुशहाल परिवार दिवस तथा सुरक्षा कवच के अवसर पर प्रदेश के हर परिवार को बेहद स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं जापानी इन्सेफेलाइटिस (जे.ई.) टीकाकरण अभियान ‘मिशन इन्द्रधनुष’ के तृतीय संस्करण और शगुन किट वितरण के इस कार्यक्रम पर स्वास्थ्य विभाग को हृदय से बधाई देता हूं और आज के अवसर पर सभी लाभार्थियों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अकेले पूर्वी उत्तर प्रदेश के केंद्र बिंदु गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इस बीमारी से प्रति वर्ष हजार से 1200 बच्चों की मौत होती थी और जो लोग मेडिकल कॉलेज तक नहीं पहुंच पाते थे उनकी संख्या भी लगभग इतनी ही थी। 2017 में हमने अंतरविभागीय समन्वय के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को नोडल बनाकर कार्यक्रम प्रारंभ किया और विशेष अभियान चलाकर इस बीमारी पर अंकुश लगाने में सफलता पाई।


