दिल्ली, 20 फरवरी (बु.)। कृषि बिलों के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के चारों बॉर्डर पर हजारों किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है। किसान प्रदर्शनकारी अपनों आंदोलन को जिंदा रखने के साथ इसे सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस बीच शनिवार को हरियाणा रोहतक जिले से चलकर आई ‘झोपड़ी’ लोगों को खूब लुभा रही है। किसानों के साथ स्थानीय लोग भी इसे देखने के लिए उत्सुक हैं। ऑटो के ऊपर बनाई गई तकरीबन 10 फीट लंबी और 3 फीट चौड़ी झोपड़ी में अंदर जाने की भी व्यवस्था है। इस झोपड़ी को ऑटो चालक चलाकर आया है। यह पहली नजर में झाकी की तरह ही लग रही है। हरियाणा के रोहतक जिले से लाई गई इस झुग्गी में कई तरह की खूबियां हैं। इसके अंदर रहने के पूरे इंतजाम हैं। इसमें जरूरत पड़ने पर तीन लोग आराम से बैठ सकते हैं, जबकि चाहे तो सो भी सकते हैं। इसके अंदर पंखे की व्यवस्था है। उजाला करने के लिए लालटेन नुमां एलईडी बल्ब भी लगा है। ऑटो नुमां झुग्गी में बैटरी, साउंड सिस्टम और एक साथ तीन मोबाइल फोन चार्ज करने का इंतजाम है। हुक्का भी रखा गया है।


