मेरठ, 19 फरवरी (बु.)। सूर्य सप्तमी के मौके पर शुक्रवार को मेरठ में 14 जगहों पर सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। क्रीड़ा भारती की मेरठ शाखा की ओर से आयोजित सूर्य नमस्कार में सैकड़ों छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों व शहरवासियों ने हिस्सा लिया। मुख्य कार्यक्रम कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। यहां करीब ढाई सौ खिलाड़ियों ने सूर्य नमस्कार किया और इसके फायदे से भी अवगत हुए। योगाचार्य आशीष शर्मा के निर्देशन में आयोजित सूर्य नमस्कार में मंत्रोच्चार के साथ सभी ने सूर्य नमस्कार किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर आयुक्त मनीष बंसल और एडीएम सिटी अजय तिवारी ने भी सूर्य नमस्कार कर युवाओं को प्रेरित किया और हमेशा फिट रहने के लिए प्रोत्साहित किया। नगर आयुक्त मनीष बंसल ने कहा खेलकूद में सभी युवाओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। अपनी फिटनेस का ख्याल रखना चाहिए। खेलकूद में सभी जितना आगे बढ़ेंगे उतना ही देश का नाम भी रोशन करेंगे। नगर आयुक्त ने मेरठ से ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले खिलाड़ियों, उनके परिवार जनों को बधाई देते हुए अन्य खिलाड़ियों को भी खेल में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।


