दिल्ली, 18 फरवरी (बु.)। भारतीय युवा कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में की गई वृद्धि काे लेकर विरोध जताया है। इस मुददे पर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कनाट प्लेस के आउटर सर्किल पर प्रदर्शन भी किया। इस दौराना युवा कार्यकर्ताओं ने साइकिल चलाई और क्रिकेट किट पहन कर पेट्रोल डीजल के शतकवीर दामों की झलक भी दिखाई। इस अवसर पर श्रीनिवास ने कहा कि आम जन पर महंगाई का निरंतर प्रहार हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कम कीमतों के बावजूद पेट्रोल व डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 14 दिनों के अंदर सिलेंडर के दामों में 75 रुपये तक की वृद्धि हो चुकी है। भाजपा सरकार ने अपने अभी तक के कार्यकाल में डीजल पर 8 गुना एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई है और 2.5 गुना एक्साइज ड्यूटी पेट्रोल के ऊपर बढ़ी है। उन्होंने कहा कि एक्साइज ड्यूटी के ढांचे को बदलकर अब सरकार ने एक नया तरीक़ा निकाला है कि जो 2.5 रुपये और 4 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल और डीजल पर सेस लगाया गया है। उसका सीधा मतलब है कि यह राज्यों के साथ साँझा नहीं किया जाएगा। यह पैसा अकेले केंद्र सरकार रखेगी।


