दिल्ली, 17 फरवरी (बु.)। मीटू मामले में फंसे पूर्व केंद्रीय मंत्री और देश के जाने-माने पत्रकार एमजे अकबर को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर द्वारा दायर आपराधिक मानहानि मामले में पत्रकार प्रिया रमानी को बरी कर दिया है। राउज एवेन्यू कोर्ट के एडिशनल चीफ़ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार पांडे दोनों पक्षों की मौजूदगी में एक ओपन कोर्ट में यह निर्णय सुनाया है। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि यौन शोषण आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को खत्म कर देता है। साथ ही यह भी कहा कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा की सुरक्षा किसी के सम्मान की कीमत पर नहीं की जा सकती है।गौरतलब है कि देश के जाने माने पत्रकार एमजे अकबर ने पत्रकार प्रिया रमानी पर आपराधिक मानहानि का दावा किया था। इस मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी थी और पिछली सुनवाई में जज ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिस पर बुधवार को निर्णय सुनाया है। पिछले सप्ताह हुई सुनवाई के दौरान पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एमजे अकबर की तरफ से पत्रकार प्रिया रमानी के खिलाफ दायर मानहानि के मामले में दिल्ली राउज एवेन्यू की विशेष अदालत ने फैसला 17 फरवरी के लिए टाल दिया था। इससे पहले 1 फरवरी को भी अदालत ने 10 फरवरी के लिए फैसला सुरक्षित रखा था।


