नोएडा, 16 फरवरी (बु.)। दिल्ली से सटे नोएडा शहर में एक 25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हैरानी की बात है कि बदमाश एनकाउंटर के बाद घायल हो गया था और जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ है। नोएडा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अपहरण करने के बाद चार साल के बच्चे की हत्या करने वाला बदमाश विजय जिला अस्पताल से फरार हुआ है। विजय सोमवार देर रात सूरजपुर कोतवाली पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल हुआ था। देर रात 11 बजे के आसपास जिला अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया था। मंगवलार सुबह दस बजे के करीब बाथरूम जाने की बात कह विजय फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस का सर्च अभियान जिला अस्पताल में चल रहा है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है।जानकारी के अनुसार नोएडा सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती एक आरोपित मंगलवार सुबह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची सेक्टर-20 कोतवाली फरार आरोपित की तलाश कर रही है। मौके पर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे है और अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपित की तलाश की जा रही है। जिला अस्पताल में पुलिस का सर्च अभियान चल रहा है।


