दिल्ली, 14 फरवरी (बु.)। मंगोलपुरी में बजरंग दल के कार्यकर्ता रिंकू शर्मा की हत्या के बाद इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बावजूद इसके शनिवार को भी आक्रोशित भीड़ ने रिंकू के घर वाली गली में स्थित एक आरोपित के घर के दरवाजे, उसमें लगे शीशे आदि तोड़ डाले। हालांकि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने लोगों को वहां से हटा दिया। इसके बाद दरवाजे पर तख्त आदि लगाकर उसे बंद किया। इससे पहले शुक्रवार को भीड़ ने हमले के अन्य आरोपितों के घरों में जमकर तोड़फोड़ की थी। तोड़फोड़ के कारण इलाके में एक बार फिर तनाव बढ़ गया। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पहले से और कड़ी कर दी गई है। मौके पर दिल्ली पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अधिकारी स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं और लोगों से शांति व सद्भाव बनाए रखने की लगातार अपील कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, शनिवार को भी रिंकू के स्वजन से मिलने के लिए बजरंग दल, विश्व हंिदूू परिषद सहित कई संगठनों के लोग पहुंचे और उन्हें ढांढस दिया। मंगोलपुरी स्थित के ब्लाक में लोगों की आवाजाही से दिनभर गहमागहमी बनी रही।


