लखनऊ, 14 फरवरी (बु.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को मथुरा-वृंदावन के दौरे पर होंगे। वह कान्हा की नगरी मथुरा में हरिद्वार कुंभ के पहले होने वाली वैष्णव बैठक में भाग लेंगे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद हरिद्वार कुंभ से पूर्व वृंदावन में मेले का आयोजन करने जा रही है। यह कार्यक्रम 40 दिन तक चलेगा। सीएन योगी मेले का ध्वजारोहण करेंगे। इस मौके पर वे ब्रज के प्रख्यात संत देवरहा बाबा की स्मृति में स्थापित घाट का लोकार्पण करेंगे व जिले में करीब तीन सौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, सीएम योगी आदित्यनाथ हेलीपैड पर उतरने के बाद सबसे पहले बांकेबिहारी जी के दर्शन करेंगे। दर्शन-पूजन के बाद ज्ञानानंद महाराज और संत समाज के लोगों से मुलाकात करेंगे। दोपहर बाद वह उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही कई परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास प्रस्तावित है। अपने इस प्रवास के दौरान वह विजय कौशल महाराज से भी मुलाकात करेंगे। शाम को देवराह बाबा घाट पर आयोजित यमुना आरती में सीएम शामिल होंगे।


