16.7 C
Muzaffarnagar
Friday, March 20, 2026

लखनऊः महाराजा सुहेलदेव की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम नरेंद्र मोदी

लखनऊ, 14 फरवरी (बु.)। लोकगीतों की परंपरा में महाराजा सुहेलदेव की वीरगाथा रोमांचित करती रही है। अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बहराइच स्थित उनके स्मारक को आकर्षण का केंद्र भी बनाना चाहती है। यूपी सरकार सुहेलदेव स्मारक के सुंदरीकरण के साथ ही उनकी भव्य प्रतिमा लगाने जा रही है। 16 फरवरी को होने जा रहे कार्यक्रम से वर्चुअल जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुंदरीकरण का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच पहुंचेंगे। महाराजा सुहेलदेव की जयंती पहली बार योगी सरकार भव्य तरीके से मनाने जा रही है। 16 फरवरी को उनकी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान बहराइच और श्रावस्ती के लिए कुछ बड़ी सौगातों की भी घोषणा हो सकती है। इससे चित्तौरा झील पर स्थित महाराजा सुहेलदेव की कर्मस्थली को एक अलग पहचान मिलने की उम्मीद है। इसके पहले भी महाराज सुहेलदेव के सम्मान में भाजपा सरकार डाक टिकट जारी कर चुकी है और ट्रेन चलाई गई थी। सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, प्रधानमंत्री की मंशा के अनुसार योगी आदित्यनाथ उसी के क्रम को आगे बढ़ा रहे हैं। इतिहासकारों के मुताबिक, वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की ऐतिहासिक घटना बहराइच में हुई थी। 15 जून, 1033 को श्रावस्ती के राजा सुहेलदेव और आक्रांता सैयद सालार मसूद के बीच बहराइच के चित्तौरा झील के तट पर भयंकर युद्ध हुआ था। इस युद्ध में महाराजा सुहेलदेव की सेना ने सालार मसूद की सेना को गाजर-मूली की तरह काट डाला। राजा सुहेलदेव की तलवार के एक ही वार ने मसूद का काम भी तमाम कर दिया। युद्ध की भयंकरता का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि इसमें मसूद की पूरी सेना का सफाया हो गया। एक पराक्रमी राजा होने के साथ सुहेलदेव संतों को बेहद सम्मान देते थे। वह गोरक्षक और हिंदुत्व के भी रक्षक थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles