दिल्ली, 13 फरवरी (बु.)। विवेक विहार इलाके में आटा चक्की की दुकान में गेहूं के कट्टे गिरने से दुकानदार और कर्मचारी दब गया। दुकान पर जब ग्राहक आटा लेने पहुंचे तो हादसे का पता चला। किसी तरह लोगों ने उनके ऊपर से कट्टे हटाए, कट्टों के नीचे दबे रहने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान दुकानदार राजीव नरूला व कर्मचारी राजेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में पता चला है दम घुटने से दोनों की मौत हुई है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार राजीव नरूला परिवार के साथ झिलमिल बी-ब्लाक में रहते थे। परिवार में पिता सुदर्शन, पत्नी व दो बेटे हैं। घर से कुछ ही दूरी पर स्थित कृष्णा मार्केट में उनकी नरूला आटा चक्की नाम से दुकान है। पिछले कुछ महीनों से जगतपुरी में रहने वाले राजेंद्र उनकी दुकान पर काम कर रहे थे। दुकान में गेहूं के कट्टों का एक लाइन से चट्टा लगा हुआ था।बृहस्पतिवार को राजीव और उनके कर्मचारी दोनों दुकान पर थे। दोपहर करीब एक बजे दुकान में चक्की चल रही थी, राजीव और राजेंद्र चक्की में गेहूं डालने के लिए कट्टा उतार रहे थे, तभी कट्टे भरभरा कर उनके ऊपर गिर गए। दोनों को बचने का मौका तक नहीं मिला। ग्राहक जब दुकान पर सामान खरीदने के लिए पहुंचे तो उनकी नजर कट्टों पर पड़ी और उन्होंने मामले की सूचना पड़ोसी दुकानदारों को दी। दुकानदारों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के शव स्वजन को सौंप दिया।


