गोरखपुर, 13 फरवरी (बु.)। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने पार्टी पदाधिकारियेां को बताया है कि पंचायत चुनाव के लिए पार्टी की ओर से चार चरणों में अभियान चलाया जाएगा। अभियान का यह सिलसिला 19 फरवरी से 19 मार्च तक चलेगा। सुनील बंसल सिविल लाइंस स्थित गोरखपुर क्लब में आयोजित क्षेत्र समिति को कोलकाता से वर्चुअल रूप से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पहले चरण में जिला पंचायत के वार्डो की बैठक कर पंचायत चुनाव की रणनीति बनानी है। दूसरे चरण में ग्राम पंचायत स्तर की बैठक होगी। तीसरे चरण में गांवो में चौपाल लगाईं जाएगी और अंतिम चरण में सरकार की उपलब्धियां बताने कार्यकर्ता गांव-गांव जाएंगे। उन्होंने बताया कि 19 फऱवरी को प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल का चार साल पूरा होगा। 19 से 25 फऱवरी सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। प्रदेश के सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह ने बताया कि सेक्टर इकाई को अब शक्ति केंद्र कहा जाएगा।


