मुजफ्फरनगर, 13 फरवरी (बु.)। पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार की रात 10:35 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप के चलते लोगों में दहशत फैल गई और वे अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक रहे, लेकिन लोग जब तक समझ पाते तब तक तो झटके बंद हो चुके थे। इसके बावजूद अनेक लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल भूकंप के झटके से कोई नुकसान नहीं होने की सूचना है। पिछले डेढ़ माह में यह दूसरी बार भूकंप आया है। शुक्रवार रात मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली बुलंदशहर, बागपत, बिजनौर में करीब 10:35 पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। यह झटके कुछ सेकेंड महसूस हुए और अधिकांश लोगों को बाद में पता चला। मेरठ व बागपत में कुछ कालोनियों में लोग बाहर निकल आए। इसके बाद नागरिकों ने फोन पर एक दूसरे से संपर्क कर इस बाबत बात की। भूकंप से अभी किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। बता दें कि पिछले कुछ समय से लगातार भूकंप के झटके आ रहे हैं।


