दिल्ली, 12 फरवरी (बु.)। साहित्य प्रेमियों का इंतजार जल्द ही खत्म होने को है। जिस विश्व पुस्तक मेले का उन्हें साल भर इंतजार रहता है, वर्चुअल रूप में वह इस साल भी होने जा रहा है। किताबों के इस मेले में इस बार कोरोना को लेकर भी चर्चा की जाएगी। करीब दो माह की देरी से ही सही, लेकिन इस बार यह मेला 6 से 9 मार्च के दौरान होगा। मेले में देश-विदेश के 250 प्रकाशक भाग लेंगे। लेखक से मिलिए, पुस्तक विमोचन और साहित्य चर्चा सहित सभी कार्यक्रम भी होंगे और अनेक आकर्षण भी रहेंगे। गौरतलब है कि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) व भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार संगठन (आइटीपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पुस्तक मेले का आयोजन प्रगति मैदान में हर साल जनवरी के पहले-दूसरे सप्ताह में किया जाता है। इस मेले में देश-दुनिया के सैकड़ों प्रकाशक भाग लेते हैं और स्टालों की संख्या 1300 से 1500 तक चली जाती है। लेकिन इस बार कोविड-19 संक्रमण की भयावहता के चलते पुराने स्वरूप में इसके आयोजन पर ग्रहण लग गया है। शिक्षा मंत्रालय ने एनबीटी को मेले का आयोजन रद करने की बजाय इसे वर्चुअल रूप में बढ़िया तरीके से करने की स्वीकृति दे दी है। मंत्रलय की स्वीकृति के बाद एनबीटी 29वें विश्व पुस्तक मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।


