दिल्ली, 12 फरवरी (बु.)। देश की राजधानी दिल्ली के चिड़ियाघर में इन दिनों बर्ड फ्लू का खतरा मंडरा रहा है, इसके चलते चिड़ियाघर प्रबंधन टेंशन में है। ऐसे में लगातार सतर्कता बरती जा रही है। पिछले दो दिनों से स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जगह-जगह कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा पक्षियों को दिए जाने वाले दाने को भी धोकर दिया जा रहा है, जिससे पक्षियों तक कोई भी संक्रमण ना पहुंच सके। पक्षियों के बाड़े के बाहर लगातार सफाई की जा रही है। चिड़ियाघर के अधिकारियों की माने तो इन दिनों चिड़िया, मोर, चील, तोते समेत अन्य पक्षियों का इन दिनों विशेष रख रखाव किया जा रहा है, जिसके चलते उनके खाने में दिए जा रहे दाने को भी साफ करके दिया जा रहा है। इसके लिए दाने को गर्म पानी से धोया जाता है। उसके बाद कीचन में काम करने वाले कर्मचारी दाने को सुखाते है और उसके पक्षियों के बाड़े तक पहुंचाते हैं। वहीं, पक्षियों को दिए जाने वाले फलों और मूंगफली के दानों को भी साफ करके दिया जा रहा है।


