26.1 C
Muzaffarnagar
Monday, November 9, 2026

कानपुरः बिल्हौर में शराब ठेके पर गए सेल्समैन की सड़क किनारे मिली लाश

कानपुर, 09 फरवरी (बु.)। बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र में बरंडा गांव में रहने वाला सेल्समैन काम करने शराब ठेके पर गया था लेकिन घर नहीं लौटा। सोमवार की सुबह उसका शव विषधन-मकनपुर मार्ग पर कानपुर कन्नौज सीमा पर सिंघौली गांव के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। चेहरे पर चोट के निशान व पास में बाइक पड़ी देखकर स्वजनों ने हत्या की आशंका जताई। घटनास्थल पर कानपुर और कन्नौज पुलिस पहुंच गई लेकिन बाद में बिल्हौर पुलिस ने जांच शुरू की है। बरंडा गांव निवासी विजय सिंह ने बताया कि 48 वर्षीय भाई प्रमोद कुमार कटियार खेती-बाड़ी के साथ सुरसी गांव स्थित शराब ठेके में सेल्समैन का कार्य करते थे। सोमवार को रोज की तरह ठेके पर गए थे। रात 8:30 बजे पुत्री पूजा से फोन पर उन्होंने घर वापस आने की जानकारी दी थी लेकिन देर रात तक वह नहीं लौटे। इसपर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की तो सुबह सात बजे विषधन- मकनपुर मार्ग पर सिंघौली गांव के पास सड़क किनारे बबूल की झाड़ियों में उनका शव पड़ा मिला। उन्होंने कहा कि चेहरे पर चोट के निशान थे और पास में बाइक पड़ी थी। स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। इस बीच ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। बिल्हौर और कन्नौज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल कानपुर जिले का होने पर बिल्हौर पुलिस ने पड़ताल शुरू की। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि स्वजन ने किसी रंजिश से इनकार किया है। मार्ग दुर्घटना व हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles