आगरा, 06 फरवरी (बु.)। आगरा के खंदौली में यमुना एक्सप्रेस वे पर उस समय हड़ंप मच गया जब सर्विस रोड की झाड़ियों में शनिवार सुबह एक महिला का जला हुआ शव मिला। जिसकी सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।पुलिस ने बताया की महिला का चेहरा और धड़ जला हुआ है। हाथ और पैर बच गए हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या करके उसका शव जलाया गया है। उसके कपड़ों को इकट्ठा करके पेट और चेहरे पर रखकर पेट्रोल या अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई गई होगी। महिला के दोनों पैरों में तीन-तीन बिछुए और गले में मंगलसूत्र मिला है। इससे पुलिस उसके विवाहित होने का अनुमान लगा रही है। महिला का चेहरा और धड़ पूरी तरह जल चुका है। कोई कपड़ा उसके शरीर पर नहीं बचा है। ऐसा लग रहा है कि हत्या करने के बाद हत्यारोपितों ने उसके शव को इसलिए जलाया है ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके। एसओ खंदौली अरविंद निर्वाल ने बताया कि आसपास के थानों और जनपदों से महिला के बारे में जानकारी की जा रही है। वहां कोई गुमशुदगी तो दर्ज नहीं हुई।



