मुरादाबाद, 06 फरवरी (बु.)। कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता शनिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंंपकर आवाज बुलंद की। इस दौरान सुरक्षा के लिहाजा पुलिस प्रशासन ने कड़ी व्यवस्था कर रखी थी। किसानों का कहना था कि किसी को परेशान करना हमारा मकसद नहीं है। सरकार हमारी बात सुनने को तैयार नहीं है। मजबूरी में हम आंदोलन कर रहे हैं। कृषि कानून वापस न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उधर, किसानों के आंदोलन के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। भाकियू ने छह फरवरी को देश भर में चक्का जाम करने का एलान किया था। लेकिन, शुक्रवार को भाकियू नेता राकेश टिकैत रणनीति बदलते हुए यूूपी में चक्का जाम न करने की घोषणा कर दी। आंदोलन की तैयारियों को लेकर भारतीय किसान यूनियन के प्रांतीय महासचिव डॉ. नौसिंह ढिल्लो, युवा नेता अध्यक्ष दीपक चौधरी, आदित्य चौधरी, खजान सिंह, देवेन्द्र सिंह, सुदेश कुमार, जयपाल सिंह आदि ने कोकरपुर, मौढा तैय्या, दैनातपुर फलैदा, मलपुर नजराना, फतेहपुर विश्नोई, महलकपुर निजामपुर, चगेरी, ढकेड़ा आदि गांवों में किसानों से जनसंपर्क किया था। डाक्टर नौ सिंह ढिल्लो ने बताया कि भाजपा सरकार केवल किसान विरोधी है बल्कि व गरीबों विरोधी भी है। सरकार ने रसोई गैस डीजल पेट्रोल की कीमत बढ़ाकर यह साबित कर दिया है। गरीब गैस सिलेंडर इतना महंगा कैसे ले सकता है। सरकार मनमानी कर रही है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को उसके द्वारा की जा रही मनमानी का जवाब किसान जरूर देगा। उन्होंने बताया कि छजलैट, मौढा तैय्या, ठाकुरद्वारा, भगतपुर,मूंढ़ापांडे, बिलारी, भोजपुर में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन में शामिल रहे।



