लखनऊ, 02 फरवरी (बु.)। चौरी चौरा कांड शताब्दी वर्ष महोत्सव के तहत उत्तर प्रदेश की योगी सरकार वंदेमातरम् गायन का विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। संस्कृति विभाग तीन से चार फरवरी तक सभी जिलों गायन की व्यवस्था कर रहा है। इस संबंध में प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने शिक्षा विभाग के साथ ही सभी मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों के लिए आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि चौरी-चौरा और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए सैल्यूट मुद्रा में वंदेमातरम् के पहले छंद का गायन कर वीडियो बनाना होगा। इसके लिए हर जिले में इंटरनेट सुविधायुक्त शैक्षिक संस्थान और अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन करना होगा। हर केंद्र के लिए एक नोडल अधिकारी होगा। दो फरवरी को रिहर्सल किया जाएगा। फिर तीन फरवरी को सुबह दस से चार फरवरी दोपहर 12 बजे तक गायन कर वीडियो बनाने होंगे। वीडियो अपलोड करने के लिए तीन फरवरी को सुबह नौ बजे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा वेबसाइट और लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि एक वीडियो में एक ही व्यक्ति सैल्यूट की मुद्रा में नजर आना चाहिए। वीडियो न्यूनतम 20 सेकंड का होना चाहिए, जिसमें उच्चारण बिल्कुल स्पष्ट रहे।



