लखनऊ, 30 जनवरी (बु.)। गाय के गोबर से बनी अगरबत्ती व हवन सामग्री के साथ ही अब गोबर का बना पेंट भी लोगों को सुरक्षा का एहसास कराएगा। गाय के गोबर से बने पेंट को दीवारों पर लगाने से आपका आशियाना संक्रमण से सुरक्षित रहेगा। हुनर हाट में लगे गाय के गोबर के बने पेंट के स्टॉल पर लोगों का जमावड़ा लगा है। खादी ग्रामोद्योग आयोग के अधिकारियों का दावा है कि खादी इंडिया की ओर से बना यह पेंट एंटीबैक्टीरियल, इको फ्रेंडली और एंटी फंगल है। एक लीटर डिस्टेंपर की कीमत करीब 120 रुपये से लेकर 150 रुपये है जबकि इमल्शन की कीमत 225 से 250 रुपये प्रति लीटर है। गोबर होने से यह आम पेंट के मुकाबले सस्ता है। यह प्राकृतिक पेंट पूरी तरह गंधहीन है और इसमें आम डिस्टेंपर या पेंट की तरह विषैले पदार्थ भी नहीं हैं। खादी और ग्रामोद्योग आयोग के राज्य निदेशक डीएस भाटी ने बताया कि कोरोना वायरस के दौर में लोगों में सुरक्षा को लेेकर संजीदगी बढ़ी है। ऐसे में यह पेंट कई अन्य कंपनियों के एंटी-वायरल पेंट को प्रतिस्पर्धा भी देगा। खादी और ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना ने पिछले वर्ष मार्च में जयपुर के संस्थान में इसकी परिकल्पना को मूर्त रूप दिया था।



