17.6 C
Muzaffarnagar
Monday, November 9, 2026

दिल्लीः राष्ट्रपति के अभिभाषण के बीच कांग्रेस सांसद का हंगामा

नयी दिल्ली, 29 जनवरी (वार्ता) विपक्षी दलों के बहिष्कार के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के संसद के केंद्रीय कक्ष में संयुक्त सदन को संबोधित करने के दौरान शुक्रवार को कांग्रेस के लाेकसभा सदस्य रवनीत सिंह बिट्टू ने हंगामा किया और कृषि संबंधी तीनों कानून वापस लेने की मांग की। केंद्रीय कक्ष में विपक्षी दलों के अभिभाषण के बहिष्कार के कारण बड़ी संख्या में सीटें खाली रहीं। केंद्रीय कक्ष के पीछे की एक सीट पर बैठे श्री बिट्टू काफी देर तक अभिभाषण सुनते रहे लेकिन जैसे ही किसानों का मुद्दा आया और श्री कोविंद ने कृषि को लेकर सरकार की उपलब्धियों को गिनाना शुरू किया तो लाल रंग की जैकेट पहने श्री बिट्टू सीट से उठकर ‘जय जवान जय किसान’ का नारा लगाने लगे।
श्री बिट्टू ने जय जवान जय किसान का नारा लगाने के साथ ही श्री कोविंद से आग्रह किया कि किसानों की हालत बहुत खराब है। कृषि संबंधी तीनों कानून किसान विरोधी हैं और उन्हें वापस लिया जाना चाहिए। श्री बिट्टू के अवरोध के बावजूद राष्ट्रपति का अभिभाषण चलता रहा और सदन में बैठे ज्यादातर सदस्यों ने हंगामा कर रहे सदस्य की तरफ देखा तक नहीं। इसी बीच कई सुरक्षा कर्मी उनके नजदीक आ गये लेकिन श्री बिट्टू जय जवान जय किसान का नारा लगाते हुए खुद ही सदन से बाहर चले गये। इससे पहले केंद्रीय कक्ष के बाहर से भी नारे लगाने की आवाज आयी तो सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत गेट को बंद कर दिया जिसके कारण अंदर यह नहीं सुनायी दिया कि नारे क्या लगाए जा रहे हैं। नारेबाजी काफी देर तक चली लेकिन उसके कारण अभिभाषण बाधित नहीं हुआ।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles