लखनऊ, 26 जनवरी (बु.)। देश का 72वां गणतंत्र दिवस देश के साथ उत्तर प्रदेश में धूमधाम ने मनाया जा रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी तथा अधिकारियों के साथ अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण किया। आज लखनऊ में मुख्य समारोह विधान भवन के सामने हो रहा है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विधान भवन प्रांगण में ध्वजारोहण किया और उन्होंने परेड की सलामी ली। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ तथा उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी भी समारोह में मौजूद हैं। विधानसभा मार्ग को गणतंत्र दिवस पर शानदार ढंग से सजाया गया है। विधान भवन के ऊपर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जा रही है। 26 जनवरी की भीड़ को देखते हुए विधानसभा रोड बंद की गई है। चारबाग से विधानसभा मार्ग तथा हजरतगंज होकर बेगम हजरत महल पार्क तक निकलने वाली परेड में इस बार भी सेना की ताकत की झलक दिख रही है। गणतंत्र दिवस की परेड में देश की हर सरहद की सुरक्षा में तैनात और दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाले युद्धक टैंक टी-90 भीष्म, आर्मर्ड रिकवरी व्हीकल, आइसीवीबीएमपी-2 की गडग़ड़ाहट भी सुनाई दे रही है। शौर्य चक्र से सम्मानित परेड कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रशांत सिंह चंडावत की अगुवाई में सेना के जवानों ने कदम ताल की। इस दौरान संक्रमण सुरक्षा के साथ मास्क लगाए जवान कदम ताल करते विधानभवन के सामने से गुजरे। परेड में शामिल सेना के नेटवर्क ऑपरेशन सेंटर, इंटिग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल मल्टी-परपज प्लेटफार्म, एकीकृत संचार वाहन ने सेना व इंटेलिजेंस की खूफिया ताकत का एहसास कराया।



