दिल्ली, 25 जनवरी (बु.)। कृषि सुधार कानूनों का विरोध कर रहे किसानों को लंबी जिद्दोजहद के बाद आखिर पुलिस ने कुछ शर्तों के साथ राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड निकालने की इजाजत दे दी। 26 जनवरी को राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड खत्म होने के बाद किसान दिल्ली के तय रूटों पर ही ट्रैक्टर परेड निकाल सकेंगे। सिर्फ सिंघु, टीकरी व गाजीपुर बार्डर पर परेड निकालने की इजाजत दी गई है। परेड में हिंसा फैलाने की पाकिस्तान की साजिश भी सामने आई है। इसके लिए पड़ोसी देश इंटरनेट मीडिया का सहारा ले रहा है। उसने 308 ट्विटर अकाउंट बनाए हैं, जिसकी जानकारी इंटेलिजेंस को मिल गई है। लिहाजा सुरक्षा के बेहद कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं। विशेष आयुक्त इंटेलिजेंस दीपेंद्र पाठक ने रविवार शाम पुलिस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि सिंघु बार्डर पर 62 किलोमीटर, गाजीपुर बार्डर पर 46 किलोमीटर व टीकरी बार्डर पर 63 किलोमीटर के दायरे में परेड निकालने की इजाजत दी गई है।



