सहारनपुर, 22 जनवरी (वार्ता)) उत्तर प्रदेश मेंं सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी क्षेत्र में कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबने के कारण चार और दाे साल की सगी बहनों की मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गागलहेड़ी इलाके में कल रात खजूरी अकबरपुर निवासी जोगेंद्र सिंह की चार वर्षीय पुत्री परि और दो वर्षीय वैष्णवी घर से निकलकर जा रही थी। उसी दौरान एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और दोनों मासूम बहनें उसके मलबे में दब गईं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों बालिकाओं को बाहर निकाला और अस्पताल ले गये जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गमगीन माहौल में आज दोनों बहनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।



