दिल्ली, 07 जनवरी(बु.)। कोरोना वायरस के बाद लगे लॉकडाउन के समय से थमे रेलवे के पहिए धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहे हैं। रेलवे हर कुछ दिनों के अंतराल पर यात्रियों की सुविधा के अनुसार विशेष ट्रेनों को चलाने की घोषणा कर रहा है। इससे कई राज्यों के यात्रियों को फायदा हो रहा है। इसी कड़ी में यात्रियों की सुविधा के लिए पांच विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अलग-अलग रूट पर यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखकर विशेष ट्रेनों की घोषणा की जा रही है। जम्मूतवी-योगनगरी ऋषिकेश साप्ताहिक विशेष 10 जनवरी से प्रत्येक रविवार को जम्मूतवी से रात्रि 10ः05 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन पूर्वाह्न 10.25 बजे योगनगरी ऋषिकेश पहुंंचेगी। वापसी दिशा में 11 जनवरी से प्रत्येक सोमवार को योगनगरी ऋषिकेश से अपराह्न 03.40 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन तड़के 03.20 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी। मार्ग में यह पठानकोट छावनी, जलंधर छावनी, लुधियाना, खन्ना, सरहिंद, राजपुरा, अंबाला सिटी, अंबाला छावनी, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, हरिद्वार, मोतीचूर, रायवाला तथा वीरभद्र स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।



