दिल्ली, 07 जनवरी (बु.)। नये कृषि कानून के विरोध में किसानों का करीब ड़ेढ महीने से आंदोलन जारी है। सरकार और किसान संगठनों के बीच कई बार वार्ता होने के बाद भी किसानों की मांगे पूरी नही हो पाई। जिसको लेकर आज किसान ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं। नोएडा, हापुड़, सोनीपत, गुरुग्राम में किसान ट्रैक्टर रैली के जरिए अपना विरोध जता रहे हैं। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए सभी जिलों का प्रशासन अलर्ट है। काफी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वही आम वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग से जाने की सलाह भी दी गई है। ताकि जाम से लोग परेशान न हों। जीटी रोड पर कुंडली बार्डर पहले से ही बंद है और केएमपी बंद होने के कारण चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, पंजाब से दिल्ली, जयपुर की ओर आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने यूपी गेट से ट्रैक्टर रैली का आगाज किया। प्रदर्शनकारी किसान दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर मार्च निकाल रहे हैं। वे पलवल के लिए रवाना हो गए हैं।




