लखनऊ, 4 जनवरी (बु.)। सचिवालय में नौकरी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपित को पारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित ने महिला से 22 लाख रुपये और लाखों के जेवर हड़प लिए थे। डीसीपी दक्षिण रवि कुमार ने बताया की आरोपी ने महिला को नौकरी का झांसा देकर चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था और अश्लील वीडियो बना लिए थे। पुलिस टीम ने आरोपित को आलमबाग बस स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम संजय दुबे उर्फ बबलू बताया। वहीं, महिला से खुद का नाम उदित बताया था। आरोपित संजय मथुरा के हाईवे नटवर नगर, धौली प्याऊ का रहने वाला है। आरोपित के पास से पुलिस को मुदित मोहन चौरसिया व मुदित मोहन चौहान नाम की आइडी भी मिली है। पुलिस के अनुसार पीड़ता ने 18 नवंबर 2020 को जनसुनवाई केंद्र में उदित कुमार अवस्थी नाम के शख्स पर सचिवालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म, ब्लैकमेल करने और धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने पुलिस को बताया था कि जून 2017 में राह चलते उदित कुमार अवस्थी से मुलाकात हुई थी। उदित महिला को फार्म भरवाने के लिए आगरा लेकर गया था, जहां होटल में चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा। महिला से 22 लाख रुपये और लाखों के जेवरात हड़प लिए।



