अमरोहा, 4 जनवरी (बु.)। यूपी के जनपद अमरोहा में सोमवार सुबह उस समय चीख-पुकार का माहौल पैदा हो गया जब तेज रफ्तार से जा रहा कंटेनर टायर पंचर होने से पलट गया। जिसके नीचे दबने से 6 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। 15 पशु भी कंटेनर के नीचे आने के कारण कुचल गए हैं।

सड़क पर मंजर काफी भयावाह है। हादसा सोमवार की सुबह करीब आठ बजे हुआ। जयपुर से पशु लेकर आ रहा एक कंटेनर डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया चमन में जा रहा था। उसमें 25 पशु लदे हुए थे और 20 से अधिक लोग सवार थे। यह कंटेनर जैसे ही हाईवे पर बृजघाट चौकी से निकलने के बाद गांव मोहम्दाबाद के पास पहुंचा तो अगले टायर में पंचर हो गया। इसके बाद कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। उसमें सवार लोग और पशु नीचे दब गए।

टायर पंचर होने के बाद कंटेनर इतना तेजी से पलटा कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिल पाया। सुबह का वक्त होने की वजह से सड़क पर वाहन भी कम चल रहे थे लेकिन तेज आवाज सुनकर सभी सहम गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भी भीड़ जुट गई। पुलिस को भी हादसे की खबर दी गई। ग्रामीणों ने वाहन में फंसे लोगों को निकालना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तेजी के साथ वाहन में फंसे घायल और शवों को बाहर निकाला। इस हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी मिली है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



