नयी दिल्ली 30 दिसम्बर (बु.)। वैश्विक महामारी कोरोना से जूझ रहे देश में इसके नये वैरिएंट से लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गयी है हालांकि संक्रमण के नये मामलों के घटते-बढ़ते क्रम में रिकवरी दर लगातार बढ़ते हुए 96 फीसदी के करीब पहुंच गयी है और सक्रिय मामलों में गिरावट जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार ब्रिटेन में पाये गये कोरोना वायरस के नये वैरिएंट का असर देश में भी दिखाई दिया है और इससे अब तक 20 व्यक्ति संक्रमित हुए हैं।
मंत्रालय की ओर से बुघवारी जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 20,549 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों की कुल संख्या एक करोड़ दो लाख 44 हजार से अधिक हो गयी है। इसी दौरान 26,572 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या 98.34 लाख तथा रिकवरी दर बढ़कर 95.99 प्रतिशत हो गयी। सक्रिय मामले 6309 घटकर 2.62 लाख पर आ गये और इनकी दर 2.56 प्रतिशत रह गयी। इसी अवधि में 286 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,48,439 हो गया है और मृत्यु दर अभी 1.45 फीसदी है।



