नयी दिल्ली 25 दिसंबर (वार्ता) उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने स्वतंत्रता सेनानी एवं शिक्षाविद पंडित मदन मोहन मालवीय को जयंती पर भावपूर्ण नमन किया है। श्री नायडू ने शुक्रवार को यहां जारी एक संदेश में कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय आजीवन महिला सशक्तीकरण के प्रयास में जुटे रहे और सामाजिक बुराइयों जैसे दहेज प्रथा और जातिवाद के खिलाफ संघर्ष करते रहे। उन्हें स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। श्री नायडू ने कहा , “काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संस्थापक विख्यात शिक्षाविद् एवं स्वाधीनता आंदोलन के नायक महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की जन्म जयंती पर उनके कृतित्व, उनकी विद्वत्ता को सादर नमन करता हूं।”



