लखनऊ, 23 दिसंबर (बु.)। गैंगस्टर विकास दुबे के भाई दीप प्रकाश ने न्यायालय में समर्पण कर दिया है। खास बात यह है कि पिछले कई दिनों से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। बावजूद इसके पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। आरोपित ने चोरी-छिपे न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर के मुताबिक, दीप प्रकाश को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा। दरअसल, आरोपित दीप प्रकाश 19 दिसंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था। इस दौरान पुलिस को भनक लग गई थी। पुलिस को देखकर आरोपित कोर्ट से भाग निकला था। आरोपित पर कृष्णा नगर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कृष्णा नगर कोतवाली में आरोपित के खिलाफ जालसाजी समेत अन्य धाराओं में दो एफआइआर दर्ज है। आरोपित के सरेंडर करने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लखनऊ पुलिस कई महीनों से आरोपित की तलाश में दबिश दे रही थी। दीप प्रकाश बिकरु कांड के बाद से फरार था। राजधानी पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित के घर की कुर्की की थी। इस बीच आरोपित ने कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी डाली थी, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई थी।



